एक सच्ची नारीवादी की तरह सोमरीता उर्नी गांगुली हमारे ज़ेहन में बसी सिंड्रेला की कहानी को नई रोशनी में देखने का प्रयास करती हैं. वह अपनी नज़र कहानी मुख्य किरदार- मान्य रूप से कर्फ्यू को तोड़ने वाली नायक – से हटाकर उसकी दुष्ट सौतेली बहन पर केन्द्रित करती हैं. नतीजा, परीकथा और सच्चे प्यार की कहानी से हटकर सिंड्रेल की कहानी आज़ादी और बहनापे की कहानी बन जाती है.
यह कहानी सबसे पहले ‘एंड दे लिव्ड… एवर आफ्टर’ (2024) नाम से संकलन के रूप में प्रकाशित हुई है. संकलन के तैयार होने की शुरुआत ऑनलाइन ‘राइजिंग फ्लेम’ द्वारा आयोजित एक ऑनलाइन लेखन कार्यशाला से हुई थी. ‘राइजिंग फ्लेम’ एक गैर-लाभकारी संस्था है जो विकलांग व्यक्तियों, विशेषकर महिलाओं और युवाओं के अधिकारों के लिए काम करती है. इस संकलन में भारत और श्रीलंका के लेखकों ने हिस्सा लिया, जो अलग-अलग क्षेत्रीय पृष्ठभूमियों और विकलांगताओं जैसे देखने, सुनने या चलने-फिरने से जुड़ी विकलांगता, ऑटिज़्म, मनोसामाजिक विकलांगता का प्रतिनिधित्व करते हैं. इन सभी लेखकों ने अपने अनूठे दृष्टिकोण से इस काल्पनिक दुनिया को नए सिरे से रचा और प्रस्तुत किया है.
1.
केवल राजकुमार ही उसे क्यों बचा सकता था?
मां की गोद में बैठे हुए मैंने चांद से उठती सोंधी गंध और चटकते सरसों तेल में भुनते कटे प्याज की महकती खुशबू सांसों में भरते हुए वह सवाल पूछा, जो कुछ समय से मुझे तंग कर रहा था. मैंने हमारे सामने की दीवार पर उनकी परछाई देखी. हमारे छोटे से तटीय शहर में मानसूनी हवाएं अपने शबाब पर आ पहुंची थीं. मां मेरे बालों में कंघी कर रही थीं. किनारे पर गरजती टकराती लहरों के बीच मां की आवाज़ गूंज रही थी.
वह मुझसे बोलीं, ‘मामोनी, दुनिया तुम्हें सब तरह की बातें बताएगी, लेकिन याद रखना अकेले रहने का चुनाव करने में कोई बुराई नहीं है. अपने लिए जीवन बनाओ, करियर बनाओ, महल बनाओ. अगर दिल चाहे तो उस महल में अकेले रहो.
दुनिया तुममें रोमांस, शादी और सफ़ेद घोड़ों पर राजकुमारों के खतरनाक विचार भरने की कोशिश करेगी. तुम प्यार करने की चूहा-दौड़ में कूदने से पहले खुद को प्यार करना.'
‘चूहा दौड़, मां? काले चूहे? सफेद चूहे?’
‘हर रंग के चूहे होते हैं, मेरी बच्ची. काले, भूरे, सफ़ेद, मटमैले. वे सब चूहे हैं. सब एक जैसे ज़रूरी. जैसे लोग. लोग भी तो हर रंग, माप और आकार के होते हैं.’
‘हर आकार के? चौकोर भी?’
‘चौकोर, अंडाकार, तिकोने, एकदम सीधे, नाशपाती, आड़ू, सेब, बालू-घड़ी जैसे या गोल. दो पैरों वाले. डेढ़ पैरों वाले—’
‘तुम्हारी तरह, मां? एक पूरे और दूसरा, हम्म लगभग पूरा?’
‘हां. हमारे पैरों में दस अंगुलियां हो सकती हैं, छह हो सकती हैं. हाथों में ग्यारह अंगुलियां हो सकती हैं. एक आंख, दो आंखें या कोई-कोई बिना आंखों के ही हो सकता है. कोई फर्क नहीं—’
‘एक आंख? लेकिन हमारी तो दो आंखें होनी चाहिए न?’
‘दो आंखें होनी ज़रूरी नहीं है, मामोनी. दो आंखें हो सकती हैं और नहीं भी. यहां तक कि कोलकाता बिरयानी की भी कोई एक तय रेसिपी नहीं है. याद से आलू डालकर इसे जैसे जी में आये, पका सकते हैं. हम इंसान हैं. हम भी सभी आकार में आते हैं. जब तक तुम में आलू है, तुम ठीक हो.’
‘क्या सच में, मुझमें भी बिरयानी की हांडी के जैसे, एक उबला हुआ फ्लेवर वाला आलू है? मैंने यह क्यों नहीं देखा है, मां?’
‘आलू कोलकाता बिरयानी की आत्मा है. तुम्हारा भी तुम्हारे भीतर है. संवेदना, समझदारी, जागरूकता और साहस में पका और सुगंधित. उस रोशनी को, आलू को मत खोना, चाहे कहानियां तुम्हें जो भी कहें.’
‘और क्या यह आलू सभी रूपों में आ सकता है? क्रीम में लिथड़ा हुआ? डीप फ्राई किया हुआ या उबालकर पका हुआ?’
‘आलू जो चाहें, हो सकते हैं. और वे जो भी हों, हमें उनकी इज़्ज़त करनी चाहिए. क्या तुमने सिन्ड्रेला की बहन की कहानी पढ़ी है?’
‘तुम्हारा मतलब परी कथा में एल्ला की बदसूरत सौतेली बहन से है न?’
'बदसूरत होने का मतलब क्या है, मेरी बच्ची? क्या वह तुम्हारी और मेरी तरह भूरे रंग की थी? क्या उसकी आंखें समंदर के दिल से तुलना करने जितनी नीली नहीं थीं? क्या उसके बाल घुंघराले, काले और बेपरवाह थे?'
‘मेरे बाल काले और बेपरवाह हैं, मां! लेकिन तुम कहती हो कि मैं खूबसूरत हूं !’
‘क्योंकि तुम हो! नीली आँखें, गुलाबी गाल, सुनहरे बाल और एकदम दुबली देह ही सुंदरता के पैमाने नहीं हैं, मामोनी. लेकिन शायद सिन्ड्रेला की बहन को किसी ने यह नहीं बताया था.’
2.
‘सिन्ड्रेला की बहन अपनी मां, सौतेले पिता, छोटी बहन और सिन्ड्रेला के साथ एक सुंदर राज्य के किनारे एक छोटी झोपड़ी में रहती थी,’ मां ने मुझे बताया. ‘झोपड़ी इतनी बड़ी थी कि उसमें सभी लोग रह सकते थे, लेकिन उनकी बढ़ती इच्छाओं और दुखी अतीत के लिए उसमेंं जगह नहीं थी. उनके घर के भीतर अतीत की यादें और भविष्य के देदीप्यमान सपनों की हमेशा एक-दूसरे से ठनी रहती थी, जिससे झोपड़ी की दीवारें चटक जाती थीं और उनके दिल कई टुकड़ों में बिखर जाते थे.’
‘दे दी पी मान सपने, मां?’
‘देदीप्यमान. दे-दी-प्य-मा-न. ऐसा कुछ जो तेज़ चमकता हो, मामोनी. जिसमें जला देने की तीव्रता हो. जैसे मां की अपनी दोनों बेटियों को बचाने की तीव्र इच्छा. वह उनके लिए ऐसा जीवन चाहती थी जिसमें न कोई आंसू हो, न उदासी, न ही भूख और प्यास. उसके लिए एक अमीर आदमी ही उसकी हर समस्या का हल मालूम पड़ता था. और इसीलिए वह अपनी बेटियों को कुलीन समाज के लिए पालने लगी, जबकि सौतेली बेटी सिन्ड्रेला को बदले की भावना से दूर कर दिया. किसी भी सूरत में वह अपने बच्चों के लिए कोई प्रतिद्वंद्वी नहीं चाहती थी.’
‘मम्मी और डैडी भी गलतियां कर सकते हैं.’
‘तुम भी, मां?’ मैंने पूछा, जब वह अपना भार बाएं पैर से दाहिने पर डालने की कोशिश कर रही थीं.
‘हां, मैं भी. और तुम्हारे बाबा भी. केवल उम्र में बड़े होने से ज़रूरी नहीं कि हम समझदार ही हों. और केवल इसलिए कि हमें एक ख़ास तरह से पाला-पोसा गया है, ज़रूरी नहीं कि हमें वैसे ही रहना है.
हमेशा याद रखना, हर कानूनी चीज़ हमेशा नैतिक नहीं होती, मामोनी. और नफ़रत की कड़ी को तोड़कर उससे आज़ाद होने की कोशिश करने में कभी देर नहीं होती. बदकिस्मती से, सिन्ड्रेला की सौतेली मां ऐसा नहीं कर पायी.
‘एक श्वेत महिला के तौर पर, जिसने अपने समाज को निराश करके एक गरीब अश्वेत आदमी से शादी की थी, उसने बहुत कठिन जीवन जिया था. जिस दूरस्थ महाद्वीप में वह रहती थी, वह एक श्वेत महिला और सांपों व सपेरों के देश से आए एक अप्रवासी, बंधुआ मज़दूर के संयोग के लिए तैयार नहीं हो पाया था. लोगों ने उससे कहा था, “प्यार अगर बराबर वालों के बीच नहीं है, तो वह प्यार नहीं है.”
‘इसलिए, जब उसके पति की मृत्यु हो गई, तो वह एक कठोर दुनिया में दो नन्ही बच्चियों की देखभाल करने के लिए अकेली पड़ गई थी. वह जानती थी कि अकेली महिला होने, बिना प्यार और सुरक्षा के होने का क्या मतलब होता है. वह अपनी बेटियों के लिए बेहतर जीवन चाहती थी ताकि उन्हें अपने ही शहर में मर्दों की कृपा पाने के लिए उनके घर के पीछे के दरवाज़ें से आना-जाना न करना पड़े.
‘जब वह सिन्ड्रेला के पिता से मिली, जो अपनी बीवी की मौत का गम मना रहा था, तो उसे उसमें अपनापन महसूस हुआ. फिर भी कौन जानता था कि एक गमगीन आदमी, जो अपनी बीवी से बहुत मोहब्बत करता था, सर्दी के मौसम के बसंत में ढलने से पहले दूसरी शादी के लिए तैयार हो जाएगा? लेकिन वह आदमी सचमुच तैयार था. उसे आंसू पोंछने और बिस्तर गर्म करने के लिए एक औरत की ज़रूरत थी. और दो नन्ही बच्चियों के साथ वह बेचारी औरत उसके चूल्हे को अपना घर बनाने को तैयार थी. आखिर वह पैसे वाला एक श्वेत आदमी था, जिसकी बीवी मर चुकी थी. उसे वह अपने बराबर का लगा. प्यार, उसने सोचा, बाद में हो ही जाएगा.
‘उनका परिवार राज्य के बाहरी किनारे की एक छोटी झोपड़ी में रहने लगा, जो कलकल करती, हिलकोरे मारती एक नदी के बगल में बनी थी. हालांकि सौतेली मां अपने नए पति की बेटी सिंड्रेला को कभी पसंद नहीं कर सकी. वह सिंड्रेला से घर के सारे काम करवाती थी. यह उसका अजीब तरीका था अपने साथ हुई उन ज्यादतियों का बदला सिंड्रेला से लेने का जो ज़िंदगी ने उसके साथ बुरा किया था. क्योंकि एक अकेली, विधवा औरत थी जिसे दो छोटी बच्चियों का पालन-पोषण करना था.
‘मां के रूप में वह अपनी बेटियों के साथ भी बहुत सख़्त थी. अपने बच्चों के लिए उसका प्यार और इच्छाएं, विशेष रूप से बड़ी बेटी के लिए, अजीब रूप ले चुका था. वह चाहती थी कि समय आने पर बड़ी बेटी किसी भी आकर्षक आदमी को रिझाने के लिए तैयार रहे. इसलिए सिंड्रेला की बहन को हर दिन घंटों नाच सीखना पड़ता था, जब तक कि उसके तलवों की गांठें फट न जाएं. उसने फ्रेंच, अंग्रेज़ी और बांग्ला सीखी.
उसने पवित्र किताबों के मंत्र याद किए और छोटे रूमालों और सिल्क के तकियापोशों पर कढ़ाई की. सर्दियों में उसने परिवार के लिए मोज़े बुने; गर्मियों में केले से ब्रेड बनाया. वह कभी धूप में नहीं खेली और वह लड़कों के साथ पहाड़ पर चढ़ने भी नहीं जा सकती थी. उसकी मां ने उसे खास मेकअप ट्यूटोरियल दिए ताकि वह अपनी भूरी त्वचा के दाग-धब्बों को छुपा सके और उसे दिन में केवल दो हल्के भोजन दिए जाते जिससे उसकी उंगलियां इतनी सिकुड़ जाएं कि किसी दिन कोई भी अमीर आदमी जब अंगूठी पहनाए, तो वह तुरंत सरक कर उंगली में बैठ जाए.
3.
‘इसकी वजह से सिंड्रेला की बहन जीवन भर सताई गई और गुस्से में सुलगती हुई बड़ी हुई. गोरी त्वचा और नीली आंखों वाले चेहरों के समंदर में एक अकेली सांवली लड़की. वह चाहे जितना भी रगड़ती, अपनी त्वचा से मेलानिन नहीं निकाल पाती, न ही अपने दिल से असुरक्षा की धड़कती आवाज़. जैसे-जैसे उसका ग़ुस्सा कड़वाहट में बदलता गया, उसने अपने को गोरा करने वाली क्रीम, ब्लीच, फाउंडेशन, कंसीलर और पाउडर की परतों के पीछे छुपाना सीख लिया. और लो! जल्दी ही दुनिया भूल गई कि वह असलियत में कौन थी. जब वे उसे गुज़रते देखते, तो फुसफुसाते, “उसका चेहरा गोरा है लेकिन उसका दिल रात जितना काला है.”’
‘एक दिन उस राज्य के राजा ने, जहां सिंड्रेला की बहन रहती थी, अपने बेटे के लिए एक शानदार नृत्यसभा का आयोजन करने का फ़ैसला किया. राजा का बेटा एक गोरा नौजवान था, जो सोने-चांदी के बीच जन्मा था और आगे जाकर सम्राट बनने वाला था. वह चॉकलेट के फव्वारों से चॉकलेट पीता था और मुलायम पंखों के बिस्तर पर सोता था. राजा ने राज्य की सभी सुंदर युवतियों को नृत्यसभा का बुलावा भेजा, ताकि उसका बेटा बहावदार गाउनों और देह को जकड़ते कोर्सेट पहने खूबसूरत युवतियों की कतारों में से अपनी दुल्हन चुन सके.
लड़कियों के माता-पिता राजा और राजकुमार को अपनी बेटियां अर्पित करने के लिए उसी तरह तैयार थे, जैसे प्राचीन देवताओं के सामने मासूम मेमनों की बलि दी जाती है.
‘सिन्ड्रेला की सौतेली मां अपनी दूसरी बेटी को पेश करने के लिए पूरी तरह तैयार थी: एक नाज़ुक लड़की, जिसे उसने ऐसे खास दिनों के लिए एक बेशकीमती परियोजना की तरह बड़ी सावधानी से गढ़ा था.’
‘नृत्यसभा से कुछ दिन पहले, सिंड्रेला की बहन ने अपने लिए एक गहरे क्रीम रंग का शानदार गाउन चुना. उसमें लेस की लंबी बांहें थीं, महीन जालीदार कपड़े का घेरदार स्कर्ट था, वेलवेट की चोली थी और पतली कमर के चारों ओर सैटिन की बेल्ट थी. वह महल के जश्न में शामिल होने के खयाल से रोमांचित थी. वह बार-बार अपने गाउन को देखती और डरती कि अगर उसने उस पर नज़र न रखी तो वह गायब हो जाएगा. अपने उत्साह को न रोक पाने के कारण, सिंड्रेला की बहन ने नृत्यसभा से पहले वाली रात अपना मोटा सूती ड्रेस उतारा, अपना गाउन पहना और बाहर तारों से जगमगाते बरामदे पर आ खड़ी हुई.
ठंडे आसमान के नीचे वेलवेट उसकी देह पर नरमी से लिपटा हुआ था. उसकी आंखें चांद की चांदनी को पकड़ती आग की काली गेंदों जैसी लग रही थीं. वह मुस्कुराई, अपने आप को गले लगाया और लकड़ी के डेक पर नंगे पांव घूमने लगी. सिन्ड्रेला की बहन ने लोगों की भीड़ में अपने को राजा के बॉलरूम में नाचते हुए, जलती लपटों की तरह नाचते हुए कल्पना की. उसका चेहरा खुशी से दमक उठा. उसने सचमुच खुशी महसूस की और भोर की ओर उम्मीद से देखा, शायद अपने जीवन में पहली बार.’
‘क्या वह युवा राजकुमार को पसंद करती थी, मां?’
‘वह कभी राजकुमार से नहीं मिली थी, मेरी बच्ची! तो नहीं, मुझे नहीं लगता कि वह राजकुमार को पसंद करती थी. लेकिन उसे नाचने का खयाल ही बहुत पसंद था! उसने रहस्यमय बगीचों और सुनहरे फाटकों के बारे में पढ़ा था, जो अंतहीन गलियारों में खुलते थे. उसने जॉर्जेट जैसे आसमान में हीरों की तरह चमकते झूमरों के बारे में सुना था. उसने पहले किसी दूसरे शहर या देश के किसी इंसान को कभी नहीं देखा था. वह कभी दूसरे राज्य तक नहीं गई थी.
मुझे लगता है कि वह बस महल जाकर लोगों से मिलना चाहती थी और मज़े करना चाहती थी. वह शायद मुंह में घुल जाने वाली, नरम, मक्खन जैसी, चीनी के चूरे में लिपटी टर्किश डिलाइट या कुछ बेहतरीन ऑयस्टर खाने की उम्मीद भी कर रही थी. ओह हां, सिंड्रेला की बहन राजा के महल जाने के लिए बहुत उत्साहित थी.
‘नृत्यसभा के दिन, उसकी मां ने उसे जबरदस्ती तीन बड़े कटोरे तले हुए चावल, राई से बने दो ब्रेड के पीस जिसपर मक्खन लगा था, बकरी के दूध से बने मोटे चीज़ क्यूब्स, भेड़ का कुरकुरा भुना कंधा और एक विशाल मटन कटलेट खिलाया.
वह चाहती थी कि उसकी बेटी का पेट पूरी तरह भरा रहे. इस तरह नृत्यसभा में वह केवल मिठाई का एक जरा सा टुकड़ा ही कुतर पाएगी. अगर उसने राजकुमार के सामने चॉकलेट केक का बड़ा टुकड़ा खा लिया, तो राजकुमार उसके बारे में क्या सोचेगा? बेशर्म लड़की! इस ख्याल से ही मां सिहर उठी – नहीं, इससे काम बिगड़ जाएगा!
‘जब तक सिंड्रेला की बहन ने अपने आप को ज़बरदस्ती अपने को शमीज़, मोज़ों, पेटीकोट और भारी गाउन में घुसेड़ा, तब तक वह सचमुच बीमार-सी महसूस करने लगी थी.
“अपना सिर हमेशा आदर से झुकाए रखना,” अपनी बेटी की आंखों में आग देखकर घबराई हुई मां ने उसे चेताया. “और ज़ोर से मत हंसना,” वह उसके चेहरे पर कुछ रंग लाने के लिए उसके गालों पर बार-बार थप्पड़ मारते हुए बोल रही थी.
‘जब उसकी सौतेली मां और सौतेली बहनें नृत्यसभा के लिए निकल गईं, तब सिंड्रेला रसोई में मांजने के लिए पड़े बर्तनों के ढेर, इस्त्री करने के लिए कपड़े और रगड़कर साफ़ करने के लिए पड़े गंदे फर्श के बीच अकेली थी.
वह हमेशा की तरह अपने उधड़े हुए ड्रेस और एक फटे एप्रन में लगे कालिख में लिथड़ी हुई थी. डैडी मेरी मदद क्यों नहीं करते? सिंड्रेला ने सोचा. उसे सौतेली बहनों और सौतेली मां का विश्वासघात डैडी की चुप्पी से कम अखरता था. सिंड्रेला चिड़ियों से बात करते हुए, सोते हुए चूहों के लिए गीत गाते हुए और कपड़े धोते हुए रोती रही, रोती रही और रोती ही रही.’
‘मां, क्या यह तब हुआ जब एल्ला ने उस पेड़ के पास जाने का फ़ैसला किया, जिसे उसने अपनी मां की कब्र के पास लगाया था?’
‘हां, मेरी बच्ची. कुछ लोग कहते हैं कि उस पेड़ ने उसकी मदद की. दूसरे कहते हैं कि एक परी गॉडमदर प्रकट हुई. जो भी हो, मुझे लगता है कि सिंड्रेला को उसकी अपनी मां से कुछ मदद मिली, भले ही वह बहुत पहले मर चुकी थी और ज़मीन के भीतर ठंडी पड़ी थी.
याद रखना, जिन लोगों से हम प्यार करते हैं, वे हमें असल में कभी छोड़कर नहीं जाते, मरने पर भी नहीं.
‘सिंड्रेला ने तय किया कि वह अपनी मां की टैफेटा (सिल्क या नायलॉन) से बना गाउन पहनेगी, क्योंकि इसे ही वह अपनी सख्त सौतेली मां से बचा पाई थी. यह गाउन पुराने कागज़ जैसा महकता था और हल्के चमकीले नीले, सुनहरे और चांदी के रंगों का था. उसने शानदार चप्पलें पहनीं, जो कई सालों में उसके पिता का दिया एकमात्र तोहफ़ा थी, और जिसे वे शायद भूल चुके थे. अपने लंबे सुनहरे बालों का जूड़ा बनाते हुए, उसने अपने फीके गालों पर चिकोटी काटी ताकि कुछ रंग उभर आए, और होंठों को लाल करने के लिए चुकंदर का एक टुकड़ा रगड़ा. उसके ड्रेस ने उसकी आँखों के ठंडे नीले रंग को और उभार दिया था और वह उसकी श्वेत त्वचा पर शालीनता से फब रहा था.’
‘और तब कद्दू की बग्गी उसे नृत्यसभा ले जाने के लिए आई, मां? कद्दू की बग्गी इस कहानी का मेरा सबसे पसंदीदा हिस्सा है!’
‘ज़्यादा संभावना यही है कि किसी उदार अजनबी ने सिंड्रेला को अपनी गाड़ी में जगह दे दी थी, मेरी बच्ची. और फिर वह चल पड़ी राजा के महल की ओर! उसने अपने परिवार से दूर रहने की पूरी कोशिश की, और अपनी पूरी ऊर्जा डांस फ्लोर पर लगा दी.’
‘क्या एल्ला को राजकुमार पसंद था, मां?’
‘वह राजकुमार से कभी नहीं मिली थी! तो नहीं, मुझे नहीं लगता कि वह राजकुमार को पसंद करती थी. लेकिन उसके साथ नाचने का ख्याल उसे बहुत अच्छा लगता था! उसने हमेशा अपनी सौतेली बहन को घर के पिछवाड़े में नाचते, नाचते और नाचते ही देखा था, जब तक कि उसके पैरों से खून न बहने लगे और चेहरा पसीने से तरबतर न हो जाए. उसने अपनी बहन को पुरानी अंग्रेज़ी और मध्यकालीन फ्रेंच में रहस्यमय बगीचों और सुनहरे फाटकों के किस्से ज़ोर-ज़ोर से पढ़ते सुना था, जो अंतहीन गलियारों में खुलते थे.
उसने चिड़ियों से जॉर्जेट जैसे आसमान में हीरों की तरह चमकते झूमरों के बारे में सुना था. उसने इससे पहले किसी दूसरे शहर या देश के किसी इंसान को नहीं देखा था. वह कभी दूसरे राज्य नहीं गई थी. मुझे लगता है कि वह बस रसोई की कालिख, राख और अकेलेपन से दूर, महल जाना और वहां जाकर लोगों से मिलना और मज़े करना चाहती थी. वह शायद मुंह में घुल जाने वाली, नरम, मक्खन जैसी, चीनी के चूरे में लिपटी टर्किश डिलाइट या कुछ बेहतरीन ऑयस्टर खाने की उम्मीद भी कर रही थी. ओह हां, अपनी बहन की ही तरह, सिंड्रेला भी, राजा के दरबार में होने को लेकर उत्साहित थी!’
4.
‘क्या वे लड़कियां टर्किश डिलाइट खा पाईं, मां?’ मैंने बेक़रारी से पूछा.
‘उन दोनों लड़कियों के लिए वह रात बहुत अलग गुज़री, मामोनी,’ मां ने जवाब दिया. सिंड्रेला की बहन को अपनी मां की तीखी, निगरानी करती निगाह का एहसास लगातार बना हुआ था और बहुत ज़्यादा मांस खाने से पेट में चुभता दर्द भी सता रहा था. वह लोगों के बीच हिचकिचाते हुए छोटे-छोटे कदम भरती, डरते-डरते मुस्कुराती, लड़खड़ाने से डरती, परिवार को निराश करने से डरती, अपने आप जैसी होने से डरती चली जा रही थी. उसने अपने जीवन में पहली बार अपनी मां के प्यार के भारी-भरकम अत्याचार को समझा.’
‘क्या, मां?’
‘अपनी मां के प्यार का पागलपन, मामोनी. सिंड्रेला की बहन ने अपनी अधिकांश शाम एक कोने में बिताई. वह राजकुमार को हल्के चमकदार नीले, सुनहरे और चांदी के रंग के कपड़े वाली लड़की के साथ कई बार नाचते देखते हुए देख रही थी. राजकुमार की बांहों में वह लड़की ज़ोर से हंस रही थी, मज़ेदार चुटकुले सुना रही थी, और ऐसा लग रहा था कि वह अपनी ज़िंदगी का सबसे अच्छा वक्त बिता रही है. वहीं दूसरी ओर, सिंड्रेला की बहन आज़ाद होने के लिए बेचैन थी. जो ड्रेस उसने पहन रखा था बहुत ज़्यादा कसा हुआ था, उसकी मां बहुत सख़्त थीं, जो जूते उसने पहने थे वे एक नाप छोटे थे, और गाउन थोड़ा ज़्यादा ही बड़ा था.
वह अपनी छोटी झोपड़ी के लकड़ी के बरामदे पर, हिलकोरे मारती नदी के किनारे, चांदनी रात में नंगे पांव लौट जाना चाहती थी. राजा का नृत्यकक्ष उन खुशनुमा सपनों से बहुत दूर था जो उसने एक दिन पहले देखे थे. उसने राजकुमार की बांहों में उस लड़की की ओर देखा और आह भरी.’
‘मां, क्या वह लड़की एल्ला थी?’
‘हां, एल्ला ही थी. और उस रात सिंड्रेला ने खुद को सचमुच आज़ाद और खुश महसूस किया, मामोनी. उसके लिए कुछ भी दांव पर नहीं था. खोने के लिए कुछ नहीं था. कोई नहीं था जो उसे पीछे खींचता. उसने राजकुमार के साथ नृत्य किया और बाकी कुलीन पुरुषों के साथ नाची. उस रात कमरे में चारों ओर घूमते हुए उसने कई बार खुद को फिर से राजकुमार की बांहों में पाया.
बातचीत के लिए वक़्त बहुत कम था, संगीत तेज था, और बातों के शोर तथा गिलासों और छुरी-कांटों की खनक ने उनकी आवाज़ें दबा दीं थी. ऐसा लग रहा था कि राजकुमार उसकी पतली, हंस जैसी गर्दन पर मंत्रमुग्ध हो गया था. उसने मुश्किल से ही उसका चेहरा देखा. जब उसकी नज़रें और नीचे भटकीं, तो सिंड्रेला की गोरी त्वचा लाल पड़ गई. वह शर्मिंदा थी कि राजा का लाडला बेटा कितना असभ्य था. उसने उसका नाम पूछने की ज़हमत भी नहीं उठाई, और सिंड्रेला को भी अपने बारे में जानकारी बताने की कुछ खास इच्छा नहीं थी. सिंड्रेला उस रात जैसे चिड़ियों में से एक हो गई थी, उड़ती, ऊंचा उठती, खुशी से मदहोश. उसे केवल अगले नृत्य की फ़िक्र थी. और अगले की. और उसके अगले की…
‘बारह बजने तक सिन्द्रेला क़िस्मत को आज़माती रही. जब घड़ी ने बारह बजाए, तब उसे समझ आया कि उसकी क़िस्मत का साथ अब छूट चुका है. कल-कल बहती नदी के किनारे बने अपनी छोटी सी झोपड़ी तक वह अब कैसे लौटेगी? अगर वह इस रात को वापस पा सकती, तो पा लेती. अगर वह उन सड़कों को वापस पा सकती, तो वह पा लेती. लेकिन अंधेरी सड़कों पर अकेली जवान लड़कियां श्मशानों में घात लगाए बैठे प्रेतों और पिशाचों के लिए न्योता होती हैं.
ये दरिंदे और आकारहीन पुरुष युवतियों का मांस नोचकर खाते हैं, उन पर पीछे से चुपके-चुपके झपटते हैं.
सिंड्रेला की मां, उसकी मां की मां और उनकी मां की मां की मां ने उसे रात में अकेले सड़क पर चलती लड़की होने के खतरों से सावधान किया था. उन्होंने कहा था कि दुनिया की नज़र में इतना डरावना, इतना चुनौती भरा और इतना लुभावना दूसरा कोई दृश्य नहीं होता.
रात में ऐसी कोई सड़क नहीं जिस पर कोई लड़की सुरक्षित और आज़ाद होकर चल सके.
‘सिंड्रेला महल से भाग निकली, उसके गाउन का घेरा उठकर घुटनों तक आ गया था. क्या होता अगर राजकुमार की नज़र उसकी बिना मोज़ों वाली पिंडलियों पर पड़ जाती? सिन्द्रेला को इसकी परवाह नहीं थी, उसे भागना था. उसके एक पैर से एक नाजुक जूती निकलकर गिर गई, लेकिन उसके पास रुकने का समय नहीं था. दूसरी जूती भी उतारकर वह घर की ओर उड़ चली. उसकी सौतेली मां चाहे जितनी निर्मम थी, घर पर सिंड्रेला कम से कम अंधेरे के जीवों की क्रूर लालसा से तो सुरक्षित थी.
5.
‘राज्य के एक छोर पर स्थित उस छोटी झोपड़ी की औरतों के लिए अगली सुबह कुछ अजीब थी,’ मां ने कहा. सिंड्रेला की बहन बैठी अपने पांवों के छालों को सहला रही थी और उसकी मां बड़बड़ाते हुए चिड़चिड़ा रही थी. “कल रात राजकुमार किस लड़की के साथ नाचता रहा? क्या तुम्हें लगता है कि तुमने उस पर ज़रा भी छाप छोड़ी? जब तुम एक बार उसके साथ नाचीं, तब उसने तुमसे क्या कहा? ओह, सब कुछ योजना के मुताबिक़ क्यों नहीं हो रहा? अब हम क्या करें?”
‘मुझे थोड़ी सांस लेने दो, मां. मेरा दम घुट रहा है. यहां से जाओ, प्लीज़. चुप रहो…
‘कितना कुछ था जो सिंड्रेला की बहन अपनी मां से कहना चाहती थी, लेकिन नहीं कह सकी. अपने शब्दों को मुंह में घोंटते हुए, आंसुओं को दबाते हुए, उसने अपनी मां को राजा की नृत्यसभा को लेकर कुढ़ने दिया.
‘सिंड्रेला दोपहर के बाद देर तक रसोई में रही, कभी बेकाबू जोश के उफान में, तो कभी घंटों दिवास्वप्नों में खोई हुई. जो भी हो, उसने पूरा ध्यान रखा कि वह अपनी सौतेली मां और सौतेली बहनों से दूर रहे.
‘इधर राजमहल में, राजकुमार हंस जैसी गर्दन और नाज़ुक पांवों वाली लड़की के बारे में सोच रहा था. अगले दिन, उसने अपने पिता के ज़रिए सारे राज्य में संदेश भिजवाया: “मेरी दुल्हन और कोई नहीं होगी, सिवाय उस लड़की के जो मेरी बांहों से छूटकर भागी थी.”
‘राजा के आदमी राज्य के हर घर में वह सुंदर जूती लेकर गए, जिसे सिन्द्रेला गलती से पीछे छोड़ आई थी. जब तक वे नदी के पास वाली झोपड़ी तक पहुंचे, उनकी उम्मीद टूट चुकी थी. घर के मालिक को दरवाज़े पर बुलाकर उन्होंने नियम समझाया: “जिस स्त्री का पैर इस जूती में ठीक बैठेगा, राजकुमार उसी से विवाह करेंगे. हमने चप्पा-चप्पा छान मारा है. हम इस राज्य के दूर-दराज़ कोनों तक जा चुके हैं. बोलो! क्या तुम्हारे इस छोटे-से घर में कोई कुंवारी युवती है?”
‘सिंड्रेला की सौतेली मां ने राजा के आदमियों की बात सुन ली और अपनी दुलारी बेटी के पास गई, अपनी सारी उम्मीदें उस एक जूती पर टिकाए हुए.
‘”लेकिन वह मेरी जूती नहीं है, मां,” बेटी ने विरोध किया. वह अपनी मां की चालबाज़ियों से सहमी हुई थी!
'फिर भी, उसके दिल में एक नन्ही-सी आवाज़ फुसफुसाई, क्या पता यह जूती उस दरवाज़े को खोलने की चाभी बन जाए जिसने तुम्हें अंदर बंद कर रखा है? क्या पता यह जूती तुम्हें आज़ाद कर दे?
उसने उलझन में और आगे क्या होने वाला है ये सोचते हुए अपनी आंखें बंद कर लीं. उसकी मां ने मांस काटने का छूरा उठाया, अपनी बेटी के टखने से थोड़ी चमड़ी छील दी और उसका बड़ा अंगूठा काट दिया.
दर्द से तड़पती हुई सिंड्रेला की बहन लंगड़ाते हुए दरवाज़े से बाहर निकली, उसके पैर मोज़ों की कई परतों में लिपटे हुए थे. जूती उसके पैर में ठीक बैठ गई और राजा के आदमी खुशी से झूम उठे! राजकुमार को संदेश भेजा गया, जो सफ़ेद घोड़े पर अपनी झिझकती दुल्हन को घर ले जाने आया.
‘राजकुमार के साथ सवारी करते हुए सिंड्रेला की बहन ने मन ही मन सोचा, यह कैसा आदमी है? जिस औरत के साथ यह नाच रहा था, क्या इसे उसका चेहरा तक याद नहीं? क्या इसने उसका नाम तक पूछने की ज़हमत नहीं उठाई? मैं ऐसे आदमी से क्यों शादी करने जा रहा हूं जो इतना बेपरवाह है? मैंने अपनी मां को अपने साथ ऐसा कैसे करने दिया? मैं तो राजा की नृत्यसभा में बस थोड़े मज़े करना चाहती थी!’
‘जैसे ही राजकुमार और सिंड्रेला की बहन भूलभुलैया वाले घने जंगल में घुसे, पेड़ों पर बैठी चिड़ियां गाने लगीं:
गुटर गूं गुटर गूं
इस छोटे जूते में खून लगा है
जूता बहुत तंग है
ये दुल्हन हमको सही नहीं है.
‘थोड़ी ही देर में राजा के आदमी घोड़ों पर सवार, हांफते हुए राजकुमार के पास दौड़े आए. राजकुमार के चले जाने के बाद उन्होंने झोपड़ी में रहने वाले आदमी और उसकी बीवी के बीच गुस्से में हुई कहासुनी सुन ली थी. इस तरह चालबाज़ी का पता चलने पर उन्होंने राजकुमार को बताया कि उसने गलत दुल्हन चुन ली है. इस खुलासे से राजकुमार के सिवा कोई हैरान नहीं हुआ. वह सिंड्रेला की बहन को साथ लिए झोपड़ी में लौटा. दरवाज़े पर ही उसकी बहन बेहोश हो गई. उसका बहुत खून बह चुका था, और मोज़ों की कई परतों में लिपटे उसके बाएं पैर में इन्फ़ेक्शन धीरे-धीरे फैल रहा था.
‘अब जूती सिंड्रेला को दी गई. वह उसके पांव में एकदम ठीक बैठी और काफ़ी हो-हल्ले के बाद वह राजकुमार के साथ विदा हो गई. और बाकी, जैसा कि कहते हैं, इतिहास है.’
6.
मेरी मां खिड़की से बाहर किनारे से टकराकर बिखरती लहरों को एकटक देखे जा रही थी. उनकी कहानी में “हमेशा खुशी से रहने” का वादा कहां था? वे इतनी देर तक चुप रहीं, गहरे चिंतन में खोई हुई, कि मुझे उन्हें कोहनी मारकर पूछना पड़ा, ‘ये कहते हुए आप इतनी उदास क्यों लगती हैं, मां?’
‘क्योंकि, मेरी बच्ची, सिंड्रेला भी, अपनी सौतेली बहन की तरह, राजा की नृत्यसभा में बस अच्छा समय ही बिताना चाहती थी! राजकुमार उनके सौदे का हिस्सा नहीं था. और पहली बार उसकी बहन ने समझा कि सिंड्रेला असल में अपनी ज़िंदगी से क्या चाहती होगी; क्योंकि उसने भी रात-रात भर उसी एक चीज़ के लिए प्रार्थना की थी: आज़ादी.’
‘और उन्हें राजकुमार नहीं चाहिए था, मां?’
‘बिलकुल नहीं! उन्हें बस टर्किश डिलाइट खानी थी, बिना किसी रोक-टोक के.’
‘लेकिन आप ये सब कैसे जानती हैं, मां?’
मां ने अपने बाएं पैर की ओर देखा, जिसका एक हिस्सा काट दिया गया था. मुझे नहीं लगता कि मैं उनकी चुप्पी का मतलब पूरी तरह समझ पाई थी. मेरी नज़रें मां के पैरों की ओर गईं. उन्हें हमेशा चलने में थोड़ी तकलीफ़ होती थी, लेकिन जब भी मुझे ब्लैक करंट लॉलीज़ खाने का मन होता, वे मेरे साथ आइसक्रीम पार्लर जाती थीं. थोड़ी देर बाद मैंने मां से पूछा, ‘क्या हम सिंड्रेला की कहानी दोबारा लिख सकते हैं?’
‘हां, लिख सकते हैं. हमें ज़रूर लिखनी चाहिए, मामोनी.’
‘तो चलिए एकदम शुरू से शुरू करते हैं. सिंड्रेला की बहन का क्या नाम था, मां?’
‘मेरी बच्ची, इतिहास में बहुत-सी औरतें बेनाम होती हैं. चलो, उसे एक नाम देते हैं. तुम उसे क्या बुलाना चाहोगी?’
यह गद्यांश ‘सिंड्रेला की बहन’ कहानी का संक्षिप्त रूप है, जो पहली बार एंड दे लिव्ड… एवर आफ्टर’ (2024) में प्रकाशित हुआ था.
इस लेख का अनुवाद गायत्री यादव (दिल्ली विश्वविद्यालय) ने किया है.
-
प्रोफेसर डॉ. सोमरीता गांगुली, चर्चित लेखिका और टेडक्स (TEDx) वक्ता हैं. वह अमेरिका की ब्राउन यूनिवर्सिटी में फुलब्राइट डॉक्टोरल फेलो रह चुकी हैं. इसके अलावा उन्होंने पेन (PEN) अमेरिका अनुवाद पुरस्कार और कमला देवी पोएट्री अवॉर्ड्स के लिए जज के रूप में भी काम किया है. 'नाइट्स एट द कलकत्ता कैफे' कविताओं का उनका नवीनतम संग्रह है, जिसे उन्होंने ओल्ड डोमिनियन यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर पीटर शुलमैन के साथ मिलकर संपादित किया है.


